
रायगढ़, अदाणी फाउंडेशन की सामाजिक पहल ‘उड़ान प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल, पंचपारा के छात्र-छात्राओं ने अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ का शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा-कक्ष की शिक्षा से आगे ले जाकर उन्हें वास्तविक औद्योगिक वातावरण, तकनीकी कार्यप्रणाली और भविष्य के कैरियर अवसरों से परिचित कराना है।
औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पावर प्लांट की कार्यप्रणाली एवं विद्युत उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संयंत्र में अपनाई जाने वाली औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रक्रियाओं, पर्यावरण संरक्षण एवं संसाधनों के बेहतर उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
विद्यार्थियों ने संयंत्र के विभिन्न कार्यों को नजदीक से देखा और उद्योग में विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार एवं कैरियर संभावनाओं को समझा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को अधिकारियों एवं विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने तथा अपनी जिज्ञासाओं के समाधान का अवसर भी मिला।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कहा कि उन्होंने अब तक उद्योग एवं पावर प्लांट के बारे में जो जानकारी पुस्तकों और कक्षा में प्राप्त की थी, उसे प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर मिला। औद्योगिक भ्रमण ने उनके ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने के साथ-साथ भविष्य में तकनीकी एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में कैरियर बनाने के लिए उन्हें प्रेरित किया।
व्यावहारिक शिक्षा और कैरियर जागरूकता की दिशा में पहल
अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘उड़ान प्रोजेक्ट’ विद्यार्थियों को उद्योगों एवं कार्यस्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी समझ, कौशल विकास, आत्मविश्वास एवं कैरियर जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा और रोजगार की वास्तविक दुनिया के बीच संबंध समझने में सहायता मिलती है।
औद्योगिक भ्रमण के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अदाणी फाउंडेशन की टीम एवं अदाणी पावर लिमिटेड के संबंधित अधिकारियों एवं नीरज सहिस सर जी का विशेष महत्वपूर्ण सहयोग रहा। नीरज सहिस सर संयोजक और मार्गदर्शक रहे ।विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने इस ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अवसर के लिए अदाणी फाउंडेशन एवं अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ के प्रति आभार व्यक्त किया।




