*चंद्रपुर चंद्रहासिनी मंदिर में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ* *कलश यात्रा के साथ हुई पूजा-अर्चना*

चंद्रपुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चंद्रपुर स्थित माँ चंद्रहासिनी मंदिर में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को विधि-विधान एवं भक्तिमय वातावरण में हुआ। नवरात्र के दौरान माँ चंद्रहासिनी एवं माँ नाथलदाई की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के माता रानी के दर्शन के लिए पहुंचने की उम्मीद है।

शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस पर माता रानी की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसके पश्चात सतचंडी पाठ, कलश स्थापना एवं विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई। मंदिर परिसर में दीप प्रज्वलित कर माता रानी से सुख, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री जीतेंद्र शुक्ला जी, प्रबंध संचालक मार्कफेड, उपस्थित रहे।

नवरात्र के शुभारंभ पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सेवा एवं पुण्य के कार्य भी किए गए। न्यास की ओर से नौ कन्याओं तथा माताओं-बहनों को भंडारे का प्रसाद ग्रहण कराया गया। इसके उपरांत नौ कन्याओं एवं माताओं-बहनों को साड़ी का वितरण किया गया।

नवरात्र के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का विशेष संगम देखने को मिलेगा। माँ चंद्रहासिनी एवं माँ नाथलदाई के दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है। पूरे क्षेत्र में नवरात्र को लेकर उत्साह एवं भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *