पंचपारा (पुसौर), 19 नवंबर 2026।

शासकीय हाई स्कूल पंचपारा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020), ब्लूप्रिंट निर्माण एवं शिक्षण शास्त्र आधारित पंचदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 18 नवंबर से प्रारंभ हुए इस प्रशिक्षण में विकासखंड के लगभग 150 व्याख्याता शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए 9 BRG (मास्टर ट्रेनर) नियुक्त किए गए हैं।
प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी बी. पटेल, एबीओ उत्तरा कुमार सिदार, एबीओ एक्का, बीआरसी शांति ठाकुर तथा विद्यालय की प्राचार्य चंद्रकांता खरे उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात BRG रीना सिंह ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की तथा सभी प्रशिक्षार्थियों ने राजकीय गीत का गायन किया। मंच संचालन BRG कुलमणि महानंदिया ने किया।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस एबीईओ ने अपने उद्बोधन में कहा कि NEP 2020 केवल एक शिक्षा नीति नहीं, बल्कि शिक्षण को जीवन से जोड़ने का माध्यम है। शिक्षकों की शिक्षण पद्धति में सकारात्मक बदलाव से कक्षा का वातावरण और विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बेहतर हो सकती है। वहीं प्राचार्य चंद्रकांता खरे ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ब्लूप्रिंट और शिक्षण शास्त्र की सही समझ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
प्रथम दिवस के प्रशिक्षण सत्र में रीना सिंह ने विद्यालयीन संस्कृति, नरेंद्र देवांगन ने भारतीय ज्ञान परंपरा एवं NEP 2020 के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। मास्टर ट्रेनरों ने सरल उदाहरणों और व्यावहारिक चर्चाओं के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को विषयों की जानकारी प्रदान की।
द्वितीय दिवस का प्रशिक्षण भी उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। दूसरे दिन मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं वंदना गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस अवसर पर बीआरसी शांति ठाकुर एवं एबीओ उत्तरा कुमार सिदार ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया।
द्वितीय दिवस के सत्र में रीना सिंह ने विद्यालयीन संस्कृति, नरेंद्र देवांगन ने NEP 2020 एवं ओमप्रकाश शर्मा ने सीखने के लिए उचित वातावरण और शिक्षण शास्त्र के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। वहीं डाइट धरमजयगढ़ से पहुंचे गुणनिधि दुबे ने ब्लूप्रिंट निर्माण, प्रश्न निर्माण एवं शिक्षण शास्त्र के विभिन्न पहलुओं पर व्याख्यान दिया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को विषयों की गहन समझ विकसित करने और अपने शिक्षण कार्य में इनका प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान सभी विषयों के शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता रही। साथ ही फीडबैक के माध्यम से प्रशिक्षण की उपयोगिता और आगामी सत्रों को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
पंचदिवसीय प्रशिक्षण के आगामी सत्रों में भी विभिन्न विषयों पर व्याख्यान एवं व्यावहारिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। दोनों दिवसों का प्रशिक्षण शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।









