“एड्स की जानकारी ही बचाव – श्री शुभम फाउन्डेशन की अनोखी पहल”

तराईमाल माँ बंजारी धाम में हुआ जनजागरूकता कार्यक्रम-“ट्रक ड्राइवरों और यात्रियों को मिला जीवन बचाने वाला संदेश”

तराईमाल, रायगढ़।
श्री शुभम फाउन्डेशन परिवार ने रविवार को माँ बंजारी धाम परिसर में एड्स जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। यह स्थान इंडस्ट्रियल एरिया होने के कारण विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यहाँ प्रतिदिन हजारों ट्रक और ट्रांसपोर्टिंग वाहनों की आवाजाही होती है। ड्राइवर और यात्री प्रायः बंजारी मंदिर में दर्शन करने, विश्राम करने एवं भोजन-नाश्ता हेतु रुकते हैं। ऐसे ठहराव स्थल को चिन्हित कर फाउन्डेशन ने इसे जागरूकता का केन्द्र बनाया।

दिनभर चले इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों को “एड्स की जानकारी ही बचाव है” का संदेश दिया गया। फाउन्डेशन के सदस्यों ने अत्यंत सरल भाषा में एड्स के कारण, लक्षण और बचाव की जानकारी दी।

कार्यक्रम में बताई गई महत्वपूर्ण जानकारियाँ:

एड्स (AIDS) मानव इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस (HIV) से होता है।

यह असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त या साझा सुइयों तथा माँ से बच्चे को फैल सकता है।

इसके लक्षणों में बार-बार बुखार, वजन घटना, थकान, दस्त, मुँह में घाव और त्वचा पर चकत्ते शामिल हैं।

बचाव हेतु सुरक्षित यौन संबंध, कंडोम का प्रयोग, नशीली दवाओं से दूरी और रोगाणुरहित सुइयों का उपयोग जरूरी है।
फाउन्डेशन ने यह भी अपील की कि समाज में एड्स को लेकर फैली गलत धारणाओं और भेदभाव को दूर करने की आवश्यकता है। सही जानकारी और सावधानी से ही इस बीमारी को रोका जा सकता है।
श्री शुभम फाउन्डेशन परिवार का यह प्रयास स्थानीय स्तर पर जनहित के लिए सराहनीय पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *