महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ सेवा समिति बेलादुला द्वारा भव्य आयोजन-महापौर जीवर्धन चौहान समेत गणमान्यजन हुए शामिल

भजन संध्या में झूमे

वार्ड पार्षद एवं समिति के अध्यक्ष अजय शंकर मिश्रा के नेतृत्व में हुआ सफल आयोजन

रायगढ़ (बेलादुला)। महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर भोले मंदिर, बेलादुला में भोलेनाथ सेवा समिति द्वारा भव्य एवं दिव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति के बीच दिनभर धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए तथा रात्रि में भक्ति रस की अविरल धारा प्रवाहित हुई।
प्रातःकाल रुद्राभिषेक के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। दोपहर एवं संध्या में आरती, पूजन एवं प्रसाद वितरण किया गया। रात्रि 8 बजे से आयोजित भजन संध्या (दीपक आचार्य म्यूजिकल द्वारा) ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
प्रख्यात गायक दीपक आचार्य एवं उनकी टीम ने शिव भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि दर्शकदीर्घा झूमने और नृत्य करने पर मजबूर हो गई। भक्ति गीतों ने सभी को भावविभोर कर दिया और मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
भजन संध्या में गायक दीपक आचार्य के साथ विजय शर्मा, संजू चौहान, उद्घोषक एवं गायक लोकेश गुप्ता तथा उर्वशी चौहान ने अपनी सुमधुर प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
संगीत वादन में मुन्ना महंत, बालमुकुंद वैष्णव एवं राज साहू ने मधुर संगत दी, जिससे संपूर्ण आयोजन भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता विवेक रंजन सिन्हा, केशव जायसवाल, संदीप छत्री, नंदू पटेल, रोशन चंद्रा एवं मुक्कू यादव ने भी भोलेनाथ का दर्शन कर भंडारे में सहभागिता निभाई तथा आयोजन की सराहना की।
इस भव्य आयोजन का सफल संचालन वार्ड पार्षद एवं भोलेनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष अजय शंकर मिश्रा के नेतृत्व में उनकी युवा टीम ने किया। वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और आकर्षक रूप दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
16 फरवरी को आयोजित महाभंडारे में 1500 से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
महाशिवरात्रि का यह आयोजन बेलादुला क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *