*विजय शर्मा व रानी चौहान का जन्मदिन भी बना उत्सव का केंद्र*

रायगढ़। महान पार्श्वगायक किशोर कुमार की जन्मजयंती के अवसर पर सुरमिलन म्यूजिकल ग्रुप द्वारा चंद्रा पैराडाइज स्थित जसगीत गायक विजय शर्मा के निवास पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कलाकारों, समाजसेवियों एवं शहर के विशिष्ट गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।


विशेष संयोग यह रहा कि 4 अगस्त को ही विजय शर्मा तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानी चौहान का जन्मदिन भी था। इस अवसर को उत्सव का रूप देते हुए सुरमिलन म्यूजिकल ग्रुप ने संगीत संध्या का आयोजन किया, जिसमें सभी कलाकारों ने किशोर कुमार के अमर गीतों को अपनी मधुर आवाज़ में प्रस्तुत कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का सफल संचालन शहर के प्रसिद्ध लोकगायक दीपक आचार्य ने किया। प्रारंभ में विजय शर्मा ने उपस्थित कलाकारों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए किशोर कुमार के गीतों से महफ़िल का शानदार आगाज़ किया। इसके बाद महिला कलाकारों में गीतिका वैष्णव, नीलम थवाईत एवं अन्नू तिवारी ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।


कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए रायगढ़ के प्रसिद्ध कलाकार एवं "रायगढ़ के किशोर कुमार" के नाम से लोकप्रिय जितेंद्र केशरी ने अपने सुपरहिट गीतों से श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी। वहीं शहर के जाने-माने ऑर्गन प्लेयर महेश निर्मलकर ने भी किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर अपनी अलग छाप छोड़ी।
इस अवसर पर पार्षद अमित शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय देवांगन, भावेश स्वर्णकार, मुकेश भारती, निशांत गुप्ता, लोकेश गुप्ता, डॉ. सुनील रात्रे, ब्रजेश नंदे,लक्ष्मीकांत तिवारी, संजू चौहान, धनुर्जय डनसेना, महेंद्र यादव, मास्टर विधान गुप्ता, राजेश सर्वे सहित अनेक कलाकार साथियों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर संध्या को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में संचालक दीपक आचार्य ने भी अपनी सुमधुर प्रस्तुति देकर संगीत संध्या का समापन किया। पूरी शाम किशोर कुमार के सदाबहार गीतों, जन्मोत्सव की खुशियों और आत्मीय माहौल ने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।





