Home Raigarh News वार्ड के बाहर रहने वालों का आंगनबाड़ी में चयन, कलेक्टर से शिकायत

वार्ड के बाहर रहने वालों का आंगनबाड़ी में चयन, कलेक्टर से शिकायत

0
वार्ड के बाहर रहने वालों का आंगनबाड़ी में चयन, कलेक्टर से शिकायत

वार्ड के निवासी होना अनिवार्य, पात्र नहीं होने के बाद भी प्रमोशन का आरोप


रायगढ़। महिला एवं बाल विकास विभाग ने एक ही आंगनबाड़ी में दो महिलाओं को नियुक्त कर दिया है जो वहां रहती ही नहीं। इसकी शिकायत की गई है। कहा जा रहा है कि दोनों इस वार्ड की निवासी नहीं हैं। विनोबा नगर वासियों ने कलेक्टर से लिखित शिकायत की है। मामला विनोबा नगर के आंगनबाड़ी केंद्र का है। कलेक्टर से की गई शिकायत में विनोबा नगर निवासियों का कहना है कि वार्ड 25 यादव गली में नए आंगनबाड़ी के लिए एक कार्यकर्ता और एक सहायिका की नियुक्ति की गई है। सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं, जिसमें गड़बड़ी के आरोप लगाए जा रहे हैं
ममता सारथी पति सूरज कुमार सारथी निवासी रानी सागर खरसिया सूर्या विहार में किराए के मकान में रहती है। इसको मितानिन पद से प्रमोशन देकर सहायिका के यादव गली आंगनबाड़ी में नियुक्त किया गया है। इसकी बड़ी बहन ऋतु सारथी पति सम्पत लाल सारथी ग्राम जलगढ़ बरमकेला जो रामभांठा में किराए के मकान में रहती है को कार्यकर्ता बनाया गया है। विभाग ने नियुक्ति आदेश तब जारी किया जब 18 जुलाई को एमआईसी बैठक में अनुमोदन किया गया। आयुक्त नगर निगम ने विभाग को नियुक्ति की स्वीकृति का पत्र भेजा। नियुक्ति शर्तों में एक शर्त यह भी है कि चयनित कार्यकर्ताओं को उसी वार्ड का स्थानीय निवासी होना अनिवार्य है। ऐसा नहीं होने पर नियुक्ति निरस्त कर दी जाएगी।
स्थानीय निवासी हुए आक्रोशित
यादव गली विनोबा नगर के निवासियों ने शिकायत में कहा था कि कौहाकुंडा में आंगनबाड़ी में नियुक्ति वहां के पार्षद के हस्तक्षेप पर की गई थी। वहीं की सहायिका को प्रमोट कर यादव गली में पदस्थ किए जाने का आरोप लग रहा है। जनदर्शन में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने से वार्डवासी आक्रोशित हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here