'थब्बा' के बाद आएगी फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म "साना ना ना, पीरी री री"
रायगढ़/
छत्तीसगढ़ी सिनेमा में नए विषयों और अनोखे प्रयोगों का दौर लगातार जारी है। इसी कड़ी में Vass Production के बैनर तले निर्मित बहुप्रतीक्षित हॉरर फिल्म 'थब्बा' को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म के निर्देशक पीटर टंडन और अभिनेता-असिस्टेंट डायरेक्टर रोशन श्रीवास ने फिल्म से जुड़ी कई अहम जानकारियां साझा करने के साथ अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट का भी ऐलान किया है।
'थब्बा' को मिला UA 16+ सर्टिफिकेट
छत्तीसगढ़ी सिनेमा की पहली शुद्ध फोक-हॉरर फिल्मों में शामिल 'थब्बा' को सेंसर बोर्ड (CBFC) से UA 16+ प्रमाणपत्र मिल चुका है। फिल्म की शूटिंग दुर्ग जिले और आसपास के वास्तविक लोकेशनों पर की गई है। इसमें शंकेश राहुलकर और रोशन श्रीवास मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। रोशन श्रीवास ने अभिनय के साथ-साथ फिल्म में असिस्टेंट डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी निभाई है। फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक और सिनेमैटोग्राफी दर्शकों को रोमांचित करने के लिए तैयार है।
अब आएगी फैंटेसी-कॉमेडी 'साना ना ना, पीरी री री'
'थब्बा' के बाद निर्देशक पीटर टंडन और रोशन श्रीवास अपनी अगली फिल्म "साना ना ना, पीरी री री" लेकर आ रहे हैं। यह छत्तीसगढ़ी सिनेमा की एक अनोखी फैंटेसी-कॉमेडी होगी, जिसका कॉन्सेप्ट पूरी तरह नया बताया जा रहा है।
इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पीटर टंडन, रोशन श्रीवास और रायगढ़ के प्रसिद्ध लोकगायक एवं कलाकार दीपक आचार्य मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। पर्दे के पीछे अपनी रचनात्मक साझेदारी निभाने वाली यह तिकड़ी अब पहली बार पर्दे पर भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी।
दीपक आचार्य निभाएंगे अहम भूमिका
रायगढ़ के प्रसिद्ध लोकगायक एवं कलाकार दीपक आचार्य अभिनय के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। वे छत्तीसगढ़ी फिल्मों 'प्रेमयुद्ध', 'जवानी जिंदाबाद' तथा बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म 'सरफिरा' में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं। अब वे इस नई फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म में पीटर टंडन और रोशन श्रीवास के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
जादुई चूड़ी से जन्म लेगी हास्य की नई दुनिया
फिल्म की कहानी एक जादुई चूड़ी के इर्द-गिर्द घूमती है। जिसके पास यह चूड़ी होगी, वह बेहद शक्तिशाली बन जाएगा, लेकिन उसकी एक शर्त होगी—उसे हर परिस्थिति में केवल सच ही बोलना होगा। चाहकर भी झूठ न बोल पाने की यही मजबूरी फिल्म में कई मजेदार और हास्यपूर्ण परिस्थितियां पैदा करेगी।
बोलते हुए मुर्गा और भैंस होंगे आकर्षण
फिल्म का एक और अनोखा आकर्षण इसमें दिखाई देने वाले बात करने वाले मुर्गा और भैंस होंगे। ये दोनों जानवर इंसानों की तरह संवाद करते नजर आएंगे। पीटर टंडन, रोशन श्रीवास और दीपक आचार्य की कॉमिक टाइमिंग के साथ इन पात्रों की जुगलबंदी दर्शकों के लिए मनोरंजन का नया अनुभव लेकर आएगी।
छत्तीसगढ़ी सिनेमा में लगातार नए प्रयोग कर रही यह टीम उम्मीद जता रही है कि 'थब्बा' के रोमांच के बाद "साना ना ना, पीरी री री" दर्शकों को हंसी, फैंटेसी और मनोरंजन का एक बिल्कुल नया अनुभव देगी।



