एफएलएन की पूर्ति के लिए अंग्रेजी विषय का दो दिवसीय क्षमता विकास प्रशिक्षण गढ़उमरिया में सम्पन्न

*विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल की पहल एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से हुआ आयोजन*

*86 प्राथमिक शालाओं के शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण* 

**रायगढ़** *राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) के लक्ष्यों को प्राप्त करने तथा प्राथमिक स्तर पर विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा के प्रति रुचि एवं समझ विकसित करने के उद्देश्य से अंग्रेजी विषय का दिनाँक 20 से 21 नवंबर 2026 को दो दिवसीय क्षमता विकास प्रशिक्षण अजीम प्रेमजी स्कूल गढ़उमरिया के प्रशिक्षण हॉल में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल की पहल एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण में विकासखण्ड पुसौर के 86 प्राथमिक शालाओं के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।*

*प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक कक्षाओं में अंग्रेजी भाषा के शिक्षण को सरल, सहज, रोचक एवं प्रभावी बनाना तथा शिक्षकों को नवीन शिक्षण विधियों से परिचित कराना रहा। दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को अंग्रेजी भाषा के अध्यापन की विभिन्न बारीकियों से अवगत कराया गया। इसमें बच्चों में अंग्रेजी भाषा सुनने, बोलने, पढ़ने एवं समझने के कौशल विकसित करने के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण सत्रों में बताया गया कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों को अंग्रेजी सिखाने के लिए रटने की प्रवृत्ति के स्थान पर खेल-खेल में सीखने, चित्रों, कहानियों, कविताओं, संवाद एवं दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों का उपयोग किया जाना चाहिए। शिक्षकों को कक्षा में बच्चों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा उनके भाषा कौशल के विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अध्यापन करने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही एफएलएन के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप बच्चों की बुनियादी भाषाई दक्षताओं को विकसित करने, उनके सीखने के स्तर का आकलन करने तथा आवश्यकता के अनुसार कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग प्रदान करने की विधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण में व्यावहारिक अभ्यास एवं गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को अंग्रेजी अध्यापन की नवीन तकनीकों को समझने का अवसर मिला।*

 *इनकी रही उपस्थिति - प्रशिक्षण के दौरान मनीष सिन्हा, उत्तर सिदार एवं रुद्र प्रताप एक्का, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं मास्टर ट्रेनर कमलेश जायसवाल, व्याख्याता, भागीरथी प्रधान, व्याख्याता, मुरली गुप्ता, सीएसी एवं गुरुदेव गुप्ता, सीएसी ने प्रशिक्षण गतिविधियों में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से पंकज कुमार, शेखर एवं सुश्री त्रिशानि ने उपस्थित रहकर प्रशिक्षण के सफल संचालन में सहयोग किया।*

 *एफएलएन की हो सकेगी पूर्ति - विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल की पहल पर आयोजित इस प्रशिक्षण को प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों की विषयगत एवं शैक्षणिक दक्षताओं को मजबूत करने का प्रयास किया गया, ताकि वे अपनी शालाओं में सीखी गई शिक्षण विधियों का प्रभावी उपयोग कर सके। इस प्रकार अजीम प्रेमजी स्कूल गढ़उमरिया में आयोजित दो दिवसीय क्षमता विकास प्रशिक्षण शिक्षकों के कौशल संवर्धन एवं प्राथमिक शिक्षा में गुणवत्तापूर्ण बदलाव की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *