
*विषयवार प्रश्नपत्र निर्माण की बारीकियों से अवगत हुए हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के व्याख्याता*
*मास्टर ट्रेनरों ने दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण*

*रायगढ* *विद्यार्थियों के शैक्षणिक गुणवत्ता और मूल्यांकन को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से शासकीय हाई स्कूल पंचपारा में आयोजित पांच दिवसीय ब्लूप्रिंट एवं प्रश्नपत्र निर्माण प्रशिक्षण दिनाँक 18 से 22 नवंबर 2026 तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में विकासखण्ड के सभी हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में विषय हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, भूगोल, अर्थशास्त्र, राजनीति, इतिहास, वाणिज्य अध्यापन करने वाले व्याख्याताओं ने सहभागिता की। पांच दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में विभिन्न विषयों के मास्टर ट्रेनरों द्वारा व्याख्याताओं को ब्लूप्रिंट निर्माण की अवधारणा, प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया तथा मूल्यांकन के निर्धारित मापदंडों की विस्तृत जानकारी दी गई।*
*पांच दिनों में अलग-अलग विषयों पर हुआ प्रशिक्षण*
*प्रशिक्षण के प्रथम दिवस भारतीय ज्ञान परंपरा एवं विद्यालयीन संस्कृति पर चर्चा की गई। दूसरे दिवस राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) तथा सीखने के लिए उपयुक्त वातावरण के निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी गई। तीसरे दिवस ब्लूम टैक्सोनॉमी (Bloom's Taxonomy) एवं ब्लूप्रिंट की अवधारणा को विस्तार से समझाया गया। चौथे दिवस प्रश्नपत्र निर्माण की विधि पर प्रशिक्षण देते हुए प्रतिभागियों से प्रश्नपत्र तैयार करवाए गए तथा उनके द्वारा तैयार प्रश्नपत्रों का प्रदर्शन किया गया। पांचवें एवं अंतिम दिवस भी प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए प्रश्नपत्रों का प्रदर्शन एवं प्रस्तुतीकरण किया गया।*
*नौ मास्टर ट्रेनर व्याख्याताओं ने किया प्रशिक्षित*
*इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर नरेंद्र प्रधान, कोंडपाली; अरुण कुमार पटेल, महलोई; असीमा तिग्गा, पुटकापुरी; ओम प्रकाश शर्मा, कोंडपाली; गजानंद पटेल, औरदा; कुलमणि महानंदिया, बड़े हरदी, रीना सिंह, पंचपारा, नेहरू निषाद, पंचपारा एवं नैमिष पाणिग्राही, बालक पुसौर ने विभिन्न विषयों पर व्याख्याताओं को प्रशिक्षित किया। मास्टर ट्रेनरों ने प्रश्नपत्र निर्माण के सैद्धांतिक पक्ष के साथ-साथ व्यावहारिक अभ्यास पर विशेष जोर दिया।*
*व्यावहारिक अभ्यास से सीखा प्रश्नपत्र निर्माण*
*प्रशिक्षण की विशेषता यह रही कि व्याख्याताओं को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें अपने-अपने विषयों के अनुरूप ब्लूप्रिंट तैयार करने और उसके आधार पर मॉडल प्रश्नपत्र बनाने का अभ्यास कराया गया। इसमें पाठ्यक्रम की विभिन्न इकाइयों का भारांश निर्धारित करना, प्रश्नों के प्रकार एवं अंकों का विभाजन, कठिनाई स्तर का निर्धारण तथा विद्यार्थियों की ज्ञान, समझ, अनुप्रयोग एवं विश्लेषणात्मक क्षमता का आकलन करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के समापन पर सभी व्याख्याताओं को अपने-अपने विषय का न्यूनतम एक मॉडल प्रश्नपत्र तैयार कर भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान का विद्यालयों में व्यावहारिक उपयोग सुनिश्चित किया जा सके और प्रश्नपत्र निर्माण की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके।*
*प्रशिक्षण के सफल आयोजन में रहा सभी का योगदान*
*प्रशिक्षण के सफल संचालन में सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी रुद्र प्रताप एक्का, पंचपारा की प्राचार्य चंद्रकांता खरे एवं उनके विद्यालयीन स्टाफ का विशेष योगदान रहा। इसके साथ ही शांतनु गुप्ता, जगदीश पटेल, सालिक राम पटेल (सीएसी), शांति ठाकुर (बीआरपी) एवं सुभाष साहू (लेखापाल) ने भी प्रशिक्षण के सुव्यवस्थित आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।*
*गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल*
*पांच दिवसीय ब्लूप्रिंट निर्माण प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित तरीके से प्रश्नपत्र निर्माण के लिए दक्ष बनाना तथा परीक्षा प्रणाली को अधिक उद्देश्यपरक एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाना रहा। इस प्रशिक्षण से व्याख्याताओं को नई शिक्षा नीति, भारतीय ज्ञान परंपरा, ब्लूम टैक्सोनॉमी और आधुनिक मूल्यांकन पद्धतियों को प्रश्नपत्र निर्माण से जोड़ने का अवसर मिला । प्रशिक्षण में शामिल व्याख्याताओं ने इसे उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से प्रश्नपत्र निर्माण में स्पष्टता, संतुलन एवं गुणवत्ता आएगी तथा विद्यार्थियों की वास्तविक शैक्षणिक उपलब्धियों का बेहतर मूल्यांकन करने में सहायता मिलेगी।*








